सागर, एमपी धमाका
संभागीय कमिश्नर अनिल सुचारी की अध्यक्षता में संभाग के समस्त कलेक्टरों एवं राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कमिश्नर ने राजस्व प्रकरणों प्रमुख रूप से नामांतरण, साईबर तहसील के प्रकरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरूस्ती, भू-अर्जन, स्वामित्व योजना, आपदा राहत (आर.बी.सी.) 6(4), फार्मर रजिस्ट्री एवं पी.एम./सी.एम. ई-के.वाई.सी., शासकीय मंदिरों/धर्म स्थलों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना, शासकीय तालाबों का अभिलेखों में दर्ज किया जाना, वन ग्रामों से राजस्व ग्रामों में परिवर्तन की कार्यवाही तथा राजस्व वसूली आदि के प्रकरणों को शासन द्वारा निर्धारित समयसीमा में निराकृत करने के निर्देश देते हुए संभाग के न्यून प्रगति वाले न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को उनके न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण में विलम्ब के लिये नाराजगी व्यक्त करते हुए 15 दिवस में उनका निराकरण शत प्रतिशत सुनिश्चित किये जाने तथा सी.एम. हेल्पलाईन के 50 दिवस से अधिक के राजस्व से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होनें शासन की संकल्प से समाधान योजनांतर्गत आम व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने एवं इस योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर किये गये कार्यों से निरंतर शासन को अवगत कराने पर जोर देते हुये जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये। समस्त राजस्व अधिकारियों को उनके कार्य क्षेत्र में भ्रमण तथा रात्रि विश्राम करने व कैंप लगाकर समस्याओं का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने मान. उच्च न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों में समय सीमा में जबाव प्रस्तुत करना सुनिश्चित करने तथा वरिष्ठ न्यायालयों के मांगपत्रों पर अभिलेख / राजस्व प्रकरणों को समयसीमा में प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये। भू-अर्जन के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, जल संसाधन विभाग एवं रेल्वे विभाग की परियोजनाओं में अधिग्रहीत भूमि के मामलों का शीघ्र निराकरण कर उनका शासकीय अभिलेखों में त्वरित अमल कराने पर विशेष जोर दिया तथा समस्त राजस्व अधिकारियों को उक्त संबंध में अमल शेष न रहने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। सी.एम. हेल्पलाईन के प्रकरणों का समाधान पारदर्शिता से कर जन समस्याओं का वास्तविक निराकरण किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होनें प्रदेशव्यापी एस.आई.आर. कार्यक्रम में प्रत्येक अधिकारी/कर्मचारी को व्यक्तिगत रूचि लेकर चुनाव आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिये गये।
बैठक में संभाग के समस्त कलेक्टर, अपर आयुक्त सागर संभाग सागर, उपायुक्त (राजस्व), क्षेत्रीय उपायुक्त भू संसाधन प्रबंधन, समस्त अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहें।