Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पूरे विश्व का कल्याण कर सकता है केवल एक संत: पूज्य श्री अभिराम दास जी महाराज


विदिशा, एमपी धमाका 

देश के जाने-माने रामानंदी संत महामंडलेश्वर स्वामी 1008 श्री अभिरामदास जी महाराज का कहना है कि केवल एक संत पूरे विश्व का कल्याण कर सकता है। संत सेवा ही भागवत सेवा है।
हिमालयवासी रामानंदी संत महामंडलेश्वर स्वामी1008 श्री अभिरामदासजी त्यागी का परिचय देना सूर्य के सामने दिया जलाने के समान है। 
13-14 वीं शताब्दी में भारत की जनता बहुत असंतुष्ट थी और आध्यात्मिक ज्ञान का अभाव था। इसी दौरान जगद्गुरु श्री स्वामी रामानंदाचार्य जी ने भारत की जनता को आध्यात्मिक रूप से संतुष्ट किया। रामानंदी समाज में बहुत सारे संत हुए हैं, स्वामी श्री अभिरामदास जी महाराज उनमें से एक प्रसिद्ध और जाने माने संत हैं।
बचपन से ही उनके अंदर जीवन का सही अर्थ समझने की तीव्र इच्छा थी और इसी कारण उन्होंने बहुत कम उम्र में घर छोड़ दिया। भगवान की प्रेरणा से स्वामी अभिरामदास जी त्यागी महाराज ने विदिशा, मप्र में बैत्रवती गंगा नदी के किनारे सद्गुरु भगवान् श्री स्वामी परमेश्वर दास जी के चरण कमलों में शरण ली और गुरु और संत सेवा में तत्परता से लीन हो गए। तत्पश्चात श्री स्वामी अभिरामदास जी त्यागी ने अयोध्या की तरफ प्रस्थान किया और चित्रकूट में निरंतर अनुशासन और आध्यात्मिक तपस्या से आत्मसाक्षात्कार को प्राप्त किया।
श्री स्वामी अभिरामदास जी का मुख्य ध्येय विश्व की जनता को जीवन का सही अर्थ समझाना व आध्यात्मिक ज्ञान को बांटना है। इसके लिए वे पूरे विश्व में भ्रमण करते हैं। गुरुदेव का दिव्य व्यक्तित्व सभी अनुयायियों को उनकी तरफ आकर्षित करता है। उनकी उपस्थिति और उनका आभामंडल सभी भक्तों को शांति, प्रेम और अपार ख़ुशी प्रदान करता है। शिष्यों के अनुसार भगवान राम ने इस विश्व को तोहफे के रूप में एक दिव्य व्यक्तित्व के स्वामी जी त्यागी दिए हैं। स्वामी जी एक चुम्बकीय और आध्यात्मिक व्यक्तित्व के स्वामी हैं। उनके अनुयायी उन्हें श्री राम के नाम से जानते हैं और उनकी श्री राम भगवान की तरह पूजा भी करते हैं। महाराज श्री के द्वारा केदारनाथ में तपस्या करने के पश्चात देश-विदेश में कई आश्रम सेवा प्रकल्प संचालित हैं। वर्तमान में देश में 16 से अधिक आश्रम हैं। जिसमें केदारनाथ प्रसिद्ध तीर्थ स्थान है, जहां हनुमान गुफा केदारनाथ में श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम है। गंगा नदी हिमालय से यहां आती है। इसे हिमालय का प्रवेश द्वार कहा जाता है। यहीं से चार धाम तीर्थयात्रियों की यात्रा शुरू होती है। ऋषिकेश में श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम मायाकुंड में स्थित है। रामटेकरी जिला गुना मध्यप्रदेश में जानकी मंदिर है। वहीं गुवार (नर्मदा जिला) राजपिपला के पास गुजरात में आश्रम संचालित है। जिसके पुजारी श्री ईश्वरदास जी महाराज व श्री हरियानंद जी हैं। इसके अलावा श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम जॉर्जिया अटलांटा अमेरीका में स्थित है‌‌। श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम लंदन, यू.के. में स्थित है। वहीं सनातन चैतन्य ब्रह्मचारी के द्वारा श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम साउथ कुंडल, विवेकानंद रोड, कन्याकुमारी तमिलनाडु में संचालित है। श्री स्वामी रामानंद संत आश्रम बीनागंज, जिला गुना मध्यप्रदेश में स्थित है तथा अवंतिका तीर्थ उज्जैन में स्वामी रामानंद संत आश्रम मंगलनाथ रोड उज्जैन में है। जहां श्री रामलला सरकार, श्री हनुमान जी, श्री शालिग्राम भगवान, श्री कृष्ण बाल स्वरूप में तथा प्रस्तावित भव्य श्री राम जानकी मंदिर श्री कनक बिहारी जी का निर्माण चल रहा है।
इन आश्रमों में सेवा प्रकल्प जैसे भगवान का नित्य पूजन कीर्तन, भजन, गौ सेवा, सत्संग तथा भोग महाप्रसाद वितरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य  शिविर अन्य सेवा एवं स्वाध्याय के प्रकल्प संचालित हैं।
महाराज श्री के द्वारा कई ग्रंथ एवं पुस्तक प्रकाशित हैं, जिनमें प्रज्ञान निर्भर, श्री अध्यात्म राम रक्षा विमर्श, परमार्थ पथये, काशी मार्तंड प्रारंभिक, काशी मार्तण्ड पूर्ण पुस्तक, रामार्चन पूजन, श्री राम हवन एवं अनुष्ठान विधि, श्री गुरु गीता, 
आत्म चिंतन योग पुस्तक 2019, प्रेम दीवाना भक्त पुस्तक, मातृ सुधा पार्वती बेन और मनीलाला पुस्तक, मानसकार श्री गोस्वामी तुलसीदासजी पुस्तक, परमार्थ पाथेय इन ग्रंथों में जीवन जीने के उपदेश एवं शास्त्र सार के माध्यम से भगवत प्राप्ति का मार्ग बताया है।
महाराज जी कहते हैं कि इस जीव का सब कार्य सुनिश्चित है और वह सब अपने आप हो रहा है। उसमें आप और हम कुछ नहीं कर रहे। ईश्वर ने अपने संकल्प में जैसा रच रखा है वही हो रहा है। हम-आप उससे अभिन्न हैं। सिर्फ अज्ञान के कारण अपने को अलग मान कर दुःख, चिंता, भय, शोक आदि के द्वारा परेशान होते हैं। जब आप समझ जाते हैं कि प्रभु का प्रत्येक विधान मंगलमय है और वह सब हमारे कल्याण के लिए ही हो रहा है तो प्रभु कृपा से हम उनके काफी निकट होते हैं। अपने अहंकार को दूर कर उनकी इच्छाओं में अपनी इच्छा मिला दें तो सब आनंद ही आनंद होगा ।
स्वामी श्री त्यागी जी ने बताया कि रामानंद संत आश्रम उज्जैन में जो मंदिर बन रहा है। श्री राम जानकी मंदिर के नाम से प्रसिद्ध होगा। जिसमें श्री सीताराम जी युगल सरकार श्री पद्मासन स्वरूप में विराजमान होंगे। उनके साथ में भगवान शिव आशुतोष श्री महाकाल स्वरूप में स्फटिक के शिवलिंग की ढाई फीट की प्रतिमा की प्रतिष्ठा की जाएगी। जिसके दर्शन मात्र से ही भक्तों के सब कार्य सिद्ध होंगे। मंदिर भव्य विशाल बनाया जा रहा है। मंदिर में जगतगुरु श्री रामानंदाचार्य जी महाराज की एवं हनुमान जी महाराज के विग्रह सभा मंडप में विराजमान होंगे। मंदिर का शिखर सोमनाथ मंदिर के जैसा बनेगा। 
महाराज श्री कहते हैं कि संत सेवा ही भागवत सेवा है। केवल एक संत ही पूरे विश्व को कल्याण की तरफ ले जा सकता है।
उज्जैन रामानंद आश्रम के महंत श्री मुनि शरण दास जी ने बताया कि सतगुरु देव भगवान श्री स्वामी 1008 अभिराम दास त्यागी महाराज जब आश्रम आते हैं तो भक्तों में खुशी की लहर दौड़ जाती है। पूज्य गुरुदेव ने केदारनाथ तपस्या के पश्चात 16 से अधिक आश्रमों का निर्माण किया। जिसमें से एक सप्तपुरियों में एक श्री अवंतिका तीर्थ उज्जैन में है। जहां संतों की सेवा, ब्राह्मण की सेवा, गौ सेवा कई प्रकार के संत वैष्णव संप्रदाय, नाथ संप्रदाय, कबीर संप्रदाय के संत रहते हैं। इनके द्वारा आश्रम में भजन कीर्तन स्वाध्याय, सत्संग होता है तथा महाराज श्री का उद्देश्य संत सेवा ही भागवत सेवा है। संत वेश ही भगवत वेश है। इस आश्रम में श्री रामचंद्र जी, श्री हनुमान जी महाराज एवं भगवान शालिग्राम जी का पूजन अर्चन होता है। तेरा भाई त्यागी की परंपरा में सप्त दिवसीय झूला महोत्सव सावन के विशेष महीने में संपन्न होता है जिसमें भगवान को झूला झुलाया जाता है। भगवान के श्री चरणों में पद एवं भजन अर्पित किए जाते हैं। 
पूज्य गुरुदेव द्वारा देश भर में रामार्चन महायज्ञ कराए जाते हैं। जिसमें देश-विदेश के संत एवं भक्त शामिल होते हैं। आश्रम में गौशाला है जिसमें गौ माता की नित्य सेवा होती है तथा वहीं परिसर में विशाल गौशाला का निर्माण भी हो रहा है, जहां पर 501 गायों की सेवा होगी।
अवंतिका तीर्थपुरी उज्जैन सप्तपुरियों में एक है, जहां मोक्षदायिनी मां शिप्रा विराजमान हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |