कलेक्टर श्री सिंह ने सिंहस्थ 2028 दृष्टिगत श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के नजदीक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया
उज्जैन, एमपी धमाका
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार सुबह सिंहस्थ 2028 दृष्टिगत श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के नजदीक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने यूडीए द्वारा श्री महाकाल महालोक में किए जा रहे लड्डू प्रसाद यूनिट, श्री महाकाल थाना आदि निर्माण का निरीक्षण कर कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने स्मार्ट सिटी द्वारा श्री महाकाल अन्न क्षेत्र से शक्ति पथ तक के नवीन मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने श्री महाकाल महालोक कॉरिडोर परिसर और उसके नजदीक में साफ सफाई की एकीकृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने हरिद्धि माता मंदिर से श्री महाकाल मंदिर जाने वाले मार्ग पर आने जाने वाली भीड़ के प्रबंधन के लिए मार्ग के मध्य आवश्यक बैरिकेडिंग करने, सम्राट विक्रमादित्य हेरिटेज होटल से झलारिया मठ तक 24 मीटर चौड़े मार्ग निर्माण के कार्य को श्रावण के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान भारत माता मंदिर श्री महाकाल पार्किंग से 24 खंभा माता मंदिर मार्ग निर्माण कार्य की प्रगति पर निराशा जताई। उन्होंने कार्य की प्रगति बढ़ाने के लिए अधिक संख्या में लेबर लगाने के निर्देश देकर स्मार्ट सिटी के इंजीनियर को चेतावनी दी कि आगामी निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतुष्टिपूर्वक नहीं पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने श्रद्धालुओं की सुविधा दृष्टिगत मंदिर के आस पास निर्माण सामग्री को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने भारत माता मंदिर पार्किंग से मंदिर प्रवेश द्वार तक मार्ग पर अंडरग्राउंड इलेक्ट्रिसिटी केबल का कार्य शीघ्र पूर्ण कर मार्ग को श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, महाकाल मंदिर प्रशासक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।