विदिशा, एमपी धमाका
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में विभिन्न विभागों एवं जनसामान्य के सहयोग से संचालित किए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्धारित उद्देश्यों की पूर्ति हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन के लिए चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें सभी विभागों के साथ-साथ जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि अभियान के उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा सकें।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में तालाबों, कुओं, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण और साफ-सफाई के कार्य समयबद्ध रूप से किए जाएं। साथ ही वर्षा जल संचयन, जल संरचनाओं के संरक्षण और जल स्तर बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता भी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो और जिले में जल संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिल सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता अभियान की निहित बिंदुओं की प्राप्ति के लिए विभाग वार संपादित किए जाने वाले कार्यों का जायजा विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से लिया है। उन्होंने अभियान की पृष्ठभूमि को रेखांकित करते हुए कहा कि आने वाली पीढी को हम प्रचुर मात्रा के जल स्त्रोत विरासत में दें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभागीय कार्ययोजना के अंतर्गत जिन विभागो की कार्य योजनाओं को रेखांकित किया गया उनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास विभाग, वन विभाग, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्यानिकी, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग, पर्यावरण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, जन अभियान परिषद, संस्कृति विभाग, जनसम्पर्क विभाग, कार्ययोजना क्रियान्वयन एवं मानिटरिंग अभियान से समाज का जुडाव और जनभागीदारी इत्यादि के दायित्वों को रेखांकित किया गया है।
कलेक्टर चेम्बर में इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे वहीं अन्य अधिकारों के साथ साथ खंड स्तरीय अधिकारी से वीसी के माध्यम से संवाद स्थापित किया गया है।