विदिशा, एमपी धमाका
परिवहन आयुक्त द्वारा यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की सघन जांच सुनिश्चित करने हेतु जारी निर्देशों के पालन में जिला परिवहन विभाग विदिशा द्वारा गुरुवार को अशोकनगर रोड पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा द्वारा किया गया।
जांच अभियान के दौरान यात्री बसों एवं डंपर वाहनों की गहन जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, सुरक्षा उपकरणों सहित अन्य आवश्यक मानकों का परीक्षण किया। जांच में कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
कार्रवाई के दौरान कुल 08 वाहन नियम विरुद्ध संचालित होते पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों एवं संचालकों से कुल ₹95 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी गिरिजेश वर्मा ने बताया कि यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। साथ ही भारी वाहनों, विशेषकर डंपरों की भी नियमित जांच की जा रही है ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।