Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

भोपाल कमिश्नर संजीव सिंह का विदिशा दौरा.. आधुनिक रिकॉर्ड रूम का किया अवलोकन, डिजिटाइजेशन कार्यों की सराहना की..!

विदिशा, एमपी धमाका 
भोपाल कमिश्नर संजीव सिंह ने आज विदिशा जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर संचालित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया तथा वहां किए जा रहे अभिलेखों के डिजिटाइजेशन एवं सुव्यवस्थित संधारण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता द्वारा रिकॉर्ड प्रबंधन एवं नवाचारों से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।

संयुक्त कलेक्टर एवं रिकॉर्ड रूम प्रभारी सुश्री निकिता तिवारी ने संभागायुक्त को आधुनिक रिकॉर्ड रूम की संपूर्ण कार्यप्रणाली, अभिलेखों के सुरक्षित संधारण, डिजिटाइजेशन प्रक्रिया एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कमिश्नर श्री सिंह ने रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों के वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण, डिजिटल प्रबंधन एवं नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का डिजिटाइजेशन प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी बनाएगा।

कलेक्टर श्री गुप्ता के निर्देशन में सितंबर 2025 से जिला अभिलेखागार में सुरक्षित रखे गए समस्त अभिलेखों के डिजिटाइजेशन एवं व्यवस्थित संधारण का कार्य प्रारंभ किया गया है। डिजिटाइजेशन के प्रथम चरण में नामांतरण पंजी, खसरा पांचसाला, किश्तबंदी, क-पत्रक, जिल्द बंदोबस्त एवं दायरा पंजियों जैसे महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों को व्यवस्थित कर जिला स्तरीय पंजी संधारित की गई है।

कमिश्नर को जानकारी दी गई कि पुराने अभिलेखागार से अभिलेखों को स्थानांतरित कर जिला कलेक्ट्रेट के कंपोजिट भवन के कक्ष क्रमांक 223 एवं 224 में सुरक्षित रूप से संधारित किया गया है। इसके अतिरिक्त राजस्व न्यायालयों से प्राप्त प्रकरणों का संधारण नवीन जिला डिजिटल अभिलेखागार भवन में किया जा रहा है।
रिकॉर्ड रूम के डिजिटाइजेशन कार्य हेतु लगभग 30 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिन्हें सात दलों में विभाजित किया गया है। ये दल प्रकरणों की छंटाई, अभिलेखों को पॉलीथिन में सुरक्षित रखने, प्लास्टिक बॉक्स में संग्रहित करने तथा बॉक्स पर स्टीकर चस्पा करने जैसे कार्य संपादित कर रहे हैं।

कलेक्ट्रेट के कंपोजिट भवन के कक्ष क्रमांक 223 एवं 224 में जिले के समस्त राजस्व ग्रामों से संबंधित नामांतरण पंजी, खसरा पांचसाला, किश्तबंदी, क-पत्रक, जिल्द बंदोबस्त एवं दायरा पंजियों के व्यवस्थित संधारण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में नवीन जिला अभिलेखागार भवन में राजस्व न्यायालयों से प्राप्त प्रकरणों के संधारण का कार्य निरंतर जारी है।

सभी कार्य के सुचारु संचालन हेतु जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी विदिशा के माध्यम से वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |