विदिशा, एमपी धमाका
बालाजी धाम बड़ोह में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाला “दिव्य दरबार” इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच आस्था का केंद्र बना हुआ है। दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी मनोकामनाओं और अर्जी लेकर पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण के बीच भक्तों को महंत विष्णु दास जी महाराज द्वारा पूजा-अर्चना एवं नियमों की जानकारी भी दी जा रही है।
दरबार में अर्जी लगाने के लिए लाल कपड़ा, पीले चावल, हल्दी की गांठ, घर की मिट्टी, सुपारी, नारियल एवं 11 रुपये जैसी सामग्री निर्धारित की गई है। साथ ही श्रद्धालुओं को सात्विक जीवन अपनाने, घर में गाय के घी का दीपक जलाने और धार्मिक नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, “गोद भराई” एवं संतान प्राप्ति से जुड़े विशेष अनुष्ठानों के लिए भी अलग नियम निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्ची श्रद्धा और नियमों के पालन से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हो रही हैं।
हर मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला यह दिव्य दरबार देर शाम तक चलता है, जहां दूर-दूर से लोग पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।