Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

वन संरक्षण एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए समन्वित कार्रवाई करें: कलेक्टर सोमेश मिश्रा


जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं टाइगर सेल की बैठक सम्पन्न, कलेक्टर ने अवैध निर्माण, शिकार और वन प्रबंधन पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

नर्मदापुरम, एमपी धमाका 
कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के रेवा सभाकक्ष में जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं टाइगर सेल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन, उप संचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व ऋषभा नेताम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने वन प्रबंधन से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के लिए अनुविभागीय स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित कर सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विस्थापित राजस्व ग्रामों के ऐसे पात्र परिवार, जिन्हें अब तक विस्थापन का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि इको सेंसिटिव जोन अंतर्गत राजस्व क्षेत्र की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न होने दिया जाए। इस संबंध में संबंधित एसडीएम नियमित निगरानी रखें। साथ ही इको सेंसिटिव जोन में पूर्व से संचालित होटल, रिजॉर्ट एवं अन्य प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आरबीसी के तहत जनहानि के प्रकरणों में 48 घंटे के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त फसल क्षति के मामलों में भी शीघ्र सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

टाइगर सेल की बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्थानीय सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वन्यजीवों के शिकार जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों के आदतन उपद्रवियों की सूची संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराने तथा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के हॉटस्पॉट क्षेत्रों की जानकारी प्रशासन एवं पुलिस के साथ साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध घटित होने से पहले ही अपराधियों की गतिविधियों को चिन्हित कर संयुक्त प्रयासों से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करें। विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा अन्य मामलों का प्रभावी एवं सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |