Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आयुष विभाग की घोर लापरवाही, बारिश में याद आई दवाओं की सप्लाई..!

11 माह से 23 ग्रामीण आयुष औषधालयों में नहीं पहुंचीं दवाइयां, मरीज परेशान

विदिशा | एमपी धमाका
जिले में आयुष विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मार्च-अप्रैल 2026 में संचालनालय आयुष मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा सभी जिलों को शासकीय आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और यूनानी औषधियां भेज दी गई थीं, लेकिन विदिशा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित औषधालयों तक आज 4 जुलाई 2026 तक भी दवाइयां नहीं पहुंच सकीं।
स्थिति यह है कि जिले के 23 शासकीय आयुष औषधालय पिछले 11 माह से दवाइयों के अभाव में जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार विगत वर्ष 25 अगस्त 2025 को दवाइयां आई थीं, उसके बाद से अब तक नियमित सप्लाई नहीं हो सकी। दूसरी ओर 14 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) में जनवरी-फरवरी माह में वृद्धजन चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए, जहां बिना व्यापक प्रचार-प्रसार के दवाइयां भेजी गईं, जबकि ग्रामीण आयुष औषधालय खाली पड़े रहे।
जिले में कुल 37 शासकीय आयुष औषधालय संचालित हैं, जिनमें 33 आयुर्वेद, 1 होम्योपैथिक और 3 यूनानी औषधालय शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत 12 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी संचालित हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब दवाइयां अप्रैल में जिले तक पहुंच चुकी थीं, तो उन्हें समय पर ग्रामीण औषधालयों तक क्यों नहीं भेजा गया? आखिर बारिश शुरू होने का इंतजार क्यों किया गया?
बारिश के मौसम में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और आयुर्वेदिक, यूनानी तथा होम्योपैथिक उपचार ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के लिए राहत का माध्यम होते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही के कारण मरीजों को जरूरी दवाइयों से वंचित रहना पड़ रहा है।
पूर्व में भी दवाइयों के समय पर वितरण न होने के मामले सामने आ चुके हैं। अब लगातार दूसरे वर्ष ऐसी स्थिति बनने से जिला आयुष कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों और मरीजों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |