Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जिला पंचायत अध्यक्ष को कार्यक्रम में नहीं बुलाना पड़ा भारी, ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल को नोटिस



विदिशा, एमपी धमाका 
ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल, विदिशा में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत’ जागरूकता रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष को आमंत्रित नहीं किए जाने का मामला अब तूल पकड़ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
दरअसल, 14 अगस्त 2026 को ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत’ जागरूकता रैली आयोजित की गई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से कलेक्टर को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया कि कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष को आमंत्रित नहीं किया गया। इसे प्रोटोकॉल के उल्लंघन के रूप में उठाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के संज्ञान के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 27 अगस्त 2026 को पत्र क्रमांक/मान्यता/2026/4577 के माध्यम से ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल के प्राचार्य/संचालक को नोटिस जारी किया।
तीन दिन में मांगा जवाब
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में स्कूल प्रबंधन से तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भविष्य में विद्यालय द्वारा आयोजित शासकीय, राष्ट्रीय, सामाजिक एवं जन-जागरूकता संबंधी कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आमंत्रित करते समय प्रचलित प्रोटोकॉल एवं शासकीय निर्देशों का समुचित पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति होने पर नियमानुसार उत्तरदायित्व निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और इसकी समस्त जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने जताया रोष
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी ने मामले पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण शासकीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों में संबंधित जनप्रतिनिधियों को प्रचलित प्रोटोकॉल के अनुसार आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्र की समस्याएं सीधे सामने आती हैं और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई संभव होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी विभाग या संस्था द्वारा इस तरह की लापरवाही दोहराए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अब निगाहें स्कूल प्रबंधन के तीन दिन के जवाब पर हैं। यह जवाब तय करेगा कि मामले में आगे किस स्तर की कार्रवाई होती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |