Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आवेदकों के बीच पहुंचे कलेक्टर अंशुल गुप्ता, खड़े होकर सुनीं समस्याएं..!


विदिशा, एमपी धमाका 

 जिले के नागरिकों की जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने आज जिला मुख्यालय विदिशा में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में स्वयं आवेदकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।

जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों की निर्धारित बैठक व्यवस्था तक सीमित न रहकर सीधे आवेदकों के बीच जाकर एक-एक आवेदनकर्ता से संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक समस्या को ध्यानपूर्वक सुना तथा कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब कर आवश्यक निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सुरभि तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी आवेदकों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना।

    कलेक्टर की इस संवेदनशील एवं जनहितैषी पहल से जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों ने सहजता और विश्वास के साथ अपनी बात रखी। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि जनसुनवाई में आने वाले किसी भी आवेदक को असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए पंजीयन एवं पावती व्यवस्था के साथ-साथ जनसुनवाई कक्ष में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था की गई। आवेदकों की सुविधा हेतु शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी बैठक स्थल पर सुनिश्चित की गई।

    आज आयोजित जनसुनवाई में 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 97 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

    कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता, प्राथमिकता एवं गंभीरता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके और शासन-प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

 

 

जनसुनवाई में बुजुर्गों को मिली राहत -

    जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बुजुर्ग आवेदिकाओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराया। जनसुनवाई में पहुंची वृद्ध महिलाओं की पीड़ा को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके सकारात्मक परिणाम भी तत्काल सामने आए। जनसुनवाई में सिरोंज नगर के वार्ड क्रमांक-17 निवासी सावित्री बाई सोनी फौती नामांतरण नहीं हो पाने की समस्या लेकर पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि कई वर्षों से लगातार प्रयासों के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिरोंज नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ)** से चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशों के बाद फौती नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ कराते हुए आवेदिका की समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।

   इसी प्रकार ग्राम घटवार निवासी बुजुर्ग आवेदिका श्रीमती कुसुमबाई ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत जनसुनवाई में प्रस्तुत की। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को तत्काल निर्देश दिए कि मौके पर जांच कर कब्जा हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदिका को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक सभी वैधानिक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |