Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कलाकार की समाज के प्रति भी जिम्मेदारी होती है: राजा बुंदेला

दीपक तिवारी
सागर। जाने-माने फिल्म एवं टी.वी. कलाकार राजा बुंदेला का मानना है कि कलाकार की कला कभी खत्म नहीं होती। कलाकार की समाज के प्रति भी जिम्मेदारी होती है। राजा बुंदेला गत दिनों सागर में पूर्व मंत्री विठ्ठल भाई पटेल के जनजागरण में भाग लेने आए थे। उन्होंने बातचीत करते हुए अपने फिल्मी सफर के बारे में बताया।

बुंदेलखंड (ललितपुर) निवासी राजा बुंदेला की शुरुआत से ही अभिनय में रुचि रही है। बुंदेला ने बताया कि 1984 में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का 3 वर्ष का कोर्स पूरा करने के बाद उन्होंने 1988 में पुणे इंस्टीट्यूट से एडिटिंग का कोर्स किया। दिल्ली में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के थिएटर में माहवारी काम करना शुरू किया। राज बब्बर, नादिरा के साथ प्रोग्राम करने के उपरांत वे 'मजमा' नामक नई संस्था से जुड़े। यहां नसीरुद्दीन शाह, ओमपुरी के साथ तीन वर्ष तक काम किया। इसी दौरान उनकी भेंट शशि कपूर और गोविंद निहलानी से हुई। शशि कपूर और जैनीफर ने पृथ्वी थिएटर बनाया था। बुंदेला उसमें जुड़ गए।

'पृथ्वी' वह संस्था है जिसमें सतीश कौशिक, मोहन भंडारी, आलोकनाथ जैसे कलाकार निकले हैं।

रंगमंच के बाद फिल्म्स और टी.वी. सफर की शुरुआत के बारे में राजा बुंदेला ने बताया कि उस समय टेलीविजन लोकप्रिय नहीं था। इस कारण उनका फिल्मों में प्रवेश हुआ। 'विजेता', 'अर्जुन' तथा 'जाने भी दो यारों' फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने 'बूंद-बूंद' सीरियल में काम किया, जो चर्चित रहा। 'आधारशिला' फिल्म में वे बतौर हीरो थे। इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड मिला था। इन फिल्मों के बाद 'ब्रजभूमि', 'शोला और शबनम', 'परमात्मा' में काम किया। इसके अलावा 'कैपिटल' (एल.टी.वी.), 'तारा' (जी.टी.वी.), 'पोस्टमार्टम' (डी.डी.-1), तथा सोनी टी.वी. पर 'ओ मारिया' सीरियल दिखाया जा रहा है।

पसंदीदा कलाकार के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इंसान परिपूर्ण नहीं होता। अमिताभ को 'कम्प्लीट आर्टिस्ट' मानता हूं। वैसे कमल हसन, नसीरुद्दीन शाह का काम पसंद है।

एक अन्य सवाल के जवाब में बुंदेला ने बताया कि उन्होंने फिल्म निर्माण की शुरुआत भी की है। 'प्रयास प्रोडक्शन' के तहत उन्होंने 'ओ मारिया', 'ये शादी नहीं हो सकती है', 'दौलत' तथा 'हादसा' सीरियल बनाये। फिल्म 'बस कंडक्टर' भी अनिल कपूर और ऊर्मिला मातोंडकर को लेकर बनाने जा रहे हैं।

पृथक बुंदेलखंड राज्य के प्रश्न पर बुंदेला का कहना था – "क्यों नहीं? इसका निर्माण अवश्य होना चाहिए। इसकी बुनियादी बात तो सही है कि जब परिवार बड़ा हो और मुखिया को लगे कि वह परिवार नहीं संभाल पा रहा है, तो बंटवारा कर देना चाहिए। यही बात बुंदेलखंड पर लागू हो रही है।"

(30 पूर्व 1996 में सागर में लिया इंटरव्यू)

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |