संत हृदय नवनीत समाना... कहा कबिन्ह परि कहै न जाना...
अर्थात: कवियों ने कहा है कि संतों का हृदय मक्खन के समान कोमल होता है, पर वे यह नहीं जानते कि मक्खन तो अपने को ताप मिलने से पिघलता है, जबकि संत दूसरों के दुःख से पिघल जाते हैं।
"नहिं दरिद्र सम दु:ख जग माहीं। संत मिलन सम सुख जग नाहीं॥"
संसार में दरिद्रता के समान कोई दुःख नहीं है और संतों के मिलने के समान कोई सुख नहीं है।
"कोमलचित दीनन्ह पर दाया। मन बच क्रम मम भगति अमाया॥"
संत का चित्त कोमल होता है, वे दीनों पर दया करते हैं और मन, वचन, कर्म से निष्कपट भक्ति करते हैं।
"सबहि मानप्रद आपु अमानी। भरत प्रान सम मम ते प्रानी॥"
वे सभी को सम्मान देते हैं पर स्वयं मानरहित होते हैं, ऐसे संत मेरे प्राणों के समान हैं।