Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

"न्यूज मेकर" बनें जनसंपर्क अधिकारी: CPR दीपक सक्सेना


जनसंपर्क अधिकारियों की राज्य स्तरीय कार्यशाला में हुए माइंड स्टॉर्मिंग सैशन

भोपाल, एमपी धमाका 

आयुक्त जनसंपर्क दीपक सक्सेना ने कहा है कि जनसंपर्क अधिकारी "न्यूज मेकर" बनें। वे जनता के कल्याण के लिए शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रिंट, इलेक्ट्रानिक और डिजिटल /सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाएं। साथ ही जनता की भावनाओं, आवश्यकताओं से निरंतर शासन और प्रशासन को अवगत कराएं। वे मीडिया, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और सम्पर्क कर जनहित में सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें।

जनसंपर्क आयुक्त श्री सक्सेना बुधवार को होटल अशोका लेक व्यू में जनसंपर्क अधिकारियों की राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे. कार्यशाला में अपर संचालक जीएस वाधवा, संजय जैन, संयुक्त संचालक पंकज मित्तल, अशोक मनवानी, आर आर पटेल सहित प्रदेश के सभी संभागीय और जिला जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित थे। कार्यशाला में प्रातः 11:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक माइंड स्टॉर्मिंग सेशन हुए, जिनमें आयुक्त जनसंपर्क ही सक्सेना और विषय विशेषज्ञों द्वारा जनसंपर्क अधिकारियों से गहन संवाद किया गया।

आयुक्त श्री सक्सेना ने कहा कि जनसंपर्क विभाग जनता और शासन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करता है. एक और जहां विभाग जनता की भावनाओं को शासन प्रशासन को संप्रेषित करता है, वहीं दूसरी ओर शासन की योजनाओं और कार्यों को आम जनता तक पहुँचाता है. विभाग मीडिया के सहयोग से इस कार्य को बखूबी अंजाम देता है. जनसंपर्क अधिकारी अपनी इस ताकत को पहचाने और कार्य करें.

 रियल टाइम रिपोर्टिंग पर ध्यान दें

आयुक्त श्री सक्सेना ने कहा कि बीते वर्षों में मीडिया का परिदृश्य बहुत बदल गया है. आज रियल टाइम रिपोर्टिंग की आवश्यकता है. जनसंपर्क अधिकारी प्रिंट मीडिया को समाचार देने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल/ मीडिया को भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाचार उपलब्ध कराए. उसे नए मीडिया के साथ भी कदम-ताल मिलाकर चलना होगा. जनसंपर्क अधिकारी केवल शासकीय बैठकों और कार्यक्रमों के कवरेज तक ही सीमित न रहें, अपितु फील्ड में जाकर जनता की भावनाओं और आवश्यकताओं को समझें तथा समाचार बनाएं. 

 हेडिंग और वन लाइनर्स पर ध्यान दें

जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि मीडिया के बदलते हुए स्वरुप के अनुसार अब जनसंपर्क अधिकारी समाचारों की हैडिंग और वन लाइनर्स पर विशेष ध्यान दें. शासन के प्राथमिकता वाले विषयों जैसे किसान, महिला, बच्चे, युवा कल्याण, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए. शासन के मेगा प्रोजेक्ट का भी व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए. 

 जिला कार्यालयों को किया जाएगा सशक्त

जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि शासन के प्रचार प्रसार में जिला कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है. सभी जिला जनसंपर्क कार्यालयों को आवश्यक संसाधन और मैनपॉवर देकर सशक्त बनाया जाएगा. आयुक्त ने कार्यशाला में उपस्थित प्रत्येक जनसंपर्क अधिकारी से संवाद किया, कार्य के संबंध में मार्गदर्शन दिया और समस्याओं का निराकरण किया.

 पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर का करें व्यापक प्रचार प्रसार

आयुक्त श्री सक्सेना ने बताया कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रतिदिन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया की खबरों के आधार पर एक डिजिटल पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर तैयार किया जाता है, जिसमें शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रदेश के प्रत्येक जिले की उपलब्धियां को प्रमुखता से लिया जाता है. इस फोल्डर को सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक शेयर करें और इसका व्यापक प्रचार प्रसार करें. 

विषय विशेषज्ञ श्री मनोज मनु ने कहा कि मध्य प्रदेश का जनसंपर्क विभाग बहुत अच्छा कार्य कर रहा है. आज मीडिया के बदलते दौर में विभाग की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं. जनसंपर्क अधिकारियों को स्वयं को अपडेट रखना होगा. उन्होंने जनसंपर्क अधिकारियों को एआई और पब्लिक एप के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी. श्री पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी इस प्रकार प्रेस नोट बनाएं जिसका समाचार पत्रों में अधिक से अधिक उपयोग किया जा सके. समाचार में न्यूज कंटेंट के साथ ही उसका अच्छा प्रस्तुतीकरण भी होना चाहिए. साथ ही समय का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. जनसंपर्क अधिकारी मीडिया से निरंतर संवाद करें, इससे शासकीय योजनाओं का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार होगा.

विषय विशेषज्ञ श्री शरद द्विवेदी ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी जनसंपर्क की ताकत को पहचानें. जनसंपर्क जन कल्याण का सशक्त माध्यम है. जनसंपर्क अधिकारी ना तो अपने मन में किसी प्रकार का भय रखें और ना ही अहंकार. सबसे पूरे उत्साह के साथ मिलें और संवाद करें. समाचारों को प्रभावी बनाने के लिए उनमें सूचनाओं के साथ रोचकता का भी समावेश करें. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जनसंपर्क समाचारों के संप्रेषण में अग्रणी है. श्री सचिन चौधरी ने सोशल मीडिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि किस प्रकार से सोशल मीडिया पर खबरों को संप्रेषित किया जाए, जिससे वे अधिक प्रभावी बने. उन्होंने हैश टैग के उपयोग सहित विभिन्न सोशल मीडिया टूल्स के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
पंकज मित्तल 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |