कमिश्नर अनिल सुचारी ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
सागर, एमपी धमाका
कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने सागर संभाग में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे हर घर जल मिशन के निर्माण कार्यों की जिलेवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हर घर जल मिशन के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराएं।
कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि हर घर जल मिशन का लाभ लोगों को मिलना चाहिए। कमिश्नर ने सागर संभाग के छतरपुर, पन्ना और दमोह जिले में हर घर जल मिशन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देशित किया गया है कि हर घर जल मिशन के निर्माण कार्यों को संबंधित विभाग के अधिकारी सर्वाेच्च प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।
कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज जल जीवन मिशन की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह एवं छतरपुर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
तथा कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध जल मुहैया कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग के अधिकारी सतत प्रयास करें और लोगों को स्वच्छ जल मुहैया कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध जल मुहैया कराने के लिए वे समय-समय पर पानी की टंकियों की साफ-सफाई कराएं तथा लोगों को स्वच्छ और शुद्ध जल मुहैया हो, इसकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
कमिश्नर ने पानी की टंकियों की सफाई के लिए किए जा रहे कार्यों की जिलेवार समीक्षा की तथा कहा कि नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नलजल योजनाओं के अंतर्गत तैयार की गई पानी की टंकियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए।
इस दौरान कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की टंकियों की साफ-सफाई की जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
बैठक में कमिश्नर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत गढ़ाकोटा, मालथौन, शाहगढ़, बंडा, खुरई, सानौधा, देवरी, केसली, बीना, मड़िया, बक्स्वाहा, राजनगर, लवकुशनगर, बांघसुजारा, बड़ामलहरा, टीकमगढ़, पन्ना, पवई में बनाई जा रही जल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा इन जल परियोजनाओं का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि निवाड़ी जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल मिशन के तहत कार्य लगभग पूर्णता की ओर है, बैठक में कमिश्नर द्वारा सागर संभाग में बिगड़े हैंडपंपों की स्थिति की भी जानकारी लोक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ली गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन एवं जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से जुड़े विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।