कमिश्नर अनिल सुचारी की पहल पर परेशान शिक्षक को मिले वर्षों से गुमे शासकीय अभिलेख
February 03, 2026
सागर, एमपी धमाका
सागर संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी की संवेदनशीलता से शासकीय शिक्षक संजय कुमार गुप्ता के वर्षों से गुमे शासकीय अभिलेख एवं लेखा पुस्तिका सहित अन्य दस्तावेज प्राप्त हो गए। संकुल केन्द्र जैसीनगर में पदस्थ शिक्षक संजय कुमार गुप्ता ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार शासकीय सेवा जैसीनगर में कार्यभार ग्रहण कर लिया ऐ। बता दें कि तत्कालीन सीईओ जनपद पंचायत जैसीनगर ने उन्हें पद से पृथक कर दिया था। कार्यभार ग्रहण करने के एक वर्ष उपरांत भी उन्हें सेवा पुस्तिका एवं अन्य शासकीय दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए जिससे उन्हें वेतन सहित अन्य लाभ प्राप्त होने में असुविधा हो रही थी। परेशान शिक्षक ने सीइओ जैसीनगर कार्यालय में उक्त दस्तावेजों की प्राप्ति हेतु पत्राचार किया फिर भी उन्हें दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए और उन्हें बताया गया कि उनके दस्तावेज संभाग कमिश्नर कार्यालय भेजे गए थे, शिक्षक श्री गुप्ता ने कमिश्नर कार्यालय में आवेदन किया। उक्त आवेदन को कमिश्नर अनिल सुचारी ने गंभीरता से संज्ञान में लिया एवं पाया गया कि श्री गुप्ता के दस्तावेज जनपद पंचायत जैसीनगर कार्यालय वापिस भेज दिए गए हैं।
कमिश्नर श्री सुचारी ने तत्काल सीईओ जनपद पंचायत जैसीनगर को निर्देशित किया कि शिक्षक श्री गुप्ता की सेवा पुस्तिका सहित सभी शासकीय दस्तावेज रिकार्ड से उपलब्ध कराए जाएं। कमिश्नर के निर्देश पर तत्काल कार्यवाही करते हुए सीईओ जनपद पंचायत जैसीनगर ने शिक्षक श्री गुप्ता के समस्त दस्तावेज उपलब्ध कराए। जिसके लिए शिक्षक ने संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी का आभार माना।