विदिशा, एमपी धमाका
कलेक्टर अंशुल गुप्ता द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम में किए जा रहे नवाचारों के चलते आमजन को अब त्वरित और प्रभावी लाभ मिल रहा है। प्रशासन द्वारा जनसुनवाई को अधिक सुलभ एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से नई पहल की गई है, जिसके अंतर्गत आवेदकों को अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन लिखवाने में सहायता प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों को शामिल करते हुए उनसे आवेदन लेखन का कार्य कराया गया। इस पहल के तहत नेशनल कॉलेज के छात्र अरविंद अहिरवार एवं पांडे द्वारा कुल 11 आवेदकों के आवेदन लिखे गए। इस व्यवस्था से उन लोगों को विशेष राहत मिली, जिन्हें आवेदन लिखने में कठिनाई होती है।
इसके साथ ही पूर्व की भांति जनसुनवाई के दौरान विभिन्न जनसेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। निर्धारित समयावधि में आधार कार्ड निर्माण, आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा स्वास्थ्य उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ भी आवेदकों को मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है।
आज संपन्न हुई जनसुनवाई कार्यक्रम में 35 आवेदकों द्वारा अपने स्वास्थ्य का परीक्षण डाक्टरों से कराया गया है। जिन्हें आवश्यक दवाएं निशुल्क प्रदाय की गई है। इसके अलावा मौके पर तीन आवेदको के आयुष्मान कार्ड बनाएं गए हैं। उनमें बासौदा उदयपुर की श्रीमती मुल्लों बाई, विदिशा की श्रीमती गोमती बाई और हरिराम शामिल हैं।
लंबित आवेदनों पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को 31 तक निराकरण के निर्देश
जिले में आमजन की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर श्री गुप्ता ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री आवास तथा विभिन्न कार्यालयों से प्राप्त सभी आवेदन एवं शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की ।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में प्रत्येक संबंधित विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके विभाग से जुड़े सभी लंबित प्रकरणों का समय पर निराकरण किया जाए और अद्यतन स्थिति के साथ जनसुनवाई में उपस्थित हों।
उन्होंने निर्देशित किया कि 31 मार्च तक पूर्व लंबित सभी आवेदनों का बिना कार्रवाई के लंबित न रखा जाए तथा जिन मामलों का निराकरण हो चुका है, उसकी स्पष्ट जानकारी दस्तावेजों सहित प्रस्तुत की जाए। साथ ही जिन प्रकरणों में समय लगना संभावित है, उनके संबंध में कारण एवं कार्ययोजना भी बताई जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने या बिना तैयारी के आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनसुनवाई को गंभीरता से लेते हुए आमजन को राहत प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।