एमपी धमाका
शिकागो (अमेरिका)। अमेरिका के शिकागो शहर में आयोजित भव्य रामार्चन महोत्सव में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान भक्तों ने भगवान श्रीराम के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राम नाम की गूंज से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी 1008 श्री अभिराम दास जी महाराज और पूज्य महामंडलेश्वर 1008 श्री रामायणी जी महाराज के सान्निध्य में भगवान श्रीराम की विशेष पूजा-अर्चना, पुष्प अर्पण और रामार्चन का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में भारतीय मूल के श्रद्धालुओं सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम में भक्ति गीतों, राम मंत्रों और वैदिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संतों का सम्मान किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सनातन संस्कृति की जड़ें केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विश्वभर में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य और धर्म के प्रेरणास्रोत हैं। विदेश की धरती पर इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
सात समंदर पार आयोजित इस भव्य रामार्चन महोत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सनातन धर्म की पताका आज विश्वभर में लहरा रही है और राम नाम का संदेश मानवता को एकता, प्रेम और सद्भाव का मार्ग दिखा रहा है।