प्रदेश की छवि को चमकाने में पन्ना का योगदान अद्वितीय: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
पन्ना, एमपी धमाका
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड हीरों, वीरों और महावीरों की पावन धरती है। इतिहास, धर्म, संस्कृति और खनिज संपदा से समृद्ध यह क्षेत्र पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि पन्ना ने प्रदेश को हीरे के रूप में वैश्विक पहचान दिलाई है और मध्यप्रदेश की छवि को चमकाने में इसका योगदान अद्वितीय है।
पन्ना के होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के करीब 35 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की जा रही है, जिससे विवाह, तलाक, उत्तराधिकार सहित नागरिक कानूनों में समानता आएगी तथा महिलाओं के हितों के विपरीत कुप्रथाओं का अंत होगा।
उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदल देगी। गांव-गांव तक पानी पहुंचेगा, किसानों की आय बढ़ेगी और यहां की खेती उत्पादन के मामले में पंजाब-हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगी। मुख्यमंत्री ने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि "अपनी जमीन मत बेचिए, यह भविष्य में सोने से भी अधिक मूल्यवान होगी।" उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहित की जाती है तो किसानों को चार गुना तक मुआवजा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। पुलिस विभाग में 10 हजार पदों सहित विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक पद स्वीकृत किए गए हैं। सरकार युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोपाल अभियान के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में देश के कुल दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 12 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही मत्स्य पालन, कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। प्रदेशभर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि पन्ना में अगले वर्ष से मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होगा। साथ ही भगवान जुगल किशोर मंदिर के विकास, बृजपुर में कॉलेज की स्थापना तथा विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण की भी घोषणा की।
खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लागू की जा रही समान नागरिक संहिता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान कानून का लाभ मिलेगा।
पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा, रुंझ और मंझगांव परियोजनाओं से प्रभावित किसानों के खातों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा कराई जा चुकी है।
कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे सिंह परमार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।