एमपी धमाका
विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सांगुल में जियो टावर पर नशे की हालत में चढ़े युवक को पुलिस और ग्रामीणों ने करीब 5 घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सकुशल नीचे उतार लिया।
थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने लगातार समझाइश दी, जबकि ग्रामीणों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ टावर पर चढ़कर युवक को सुरक्षित नीचे लाने में अहम भूमिका निभाई। रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से युवक का सफल रेस्क्यू कर उसे तत्काल शासकीय अस्पताल शमशाबाद पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य पाई गई। पूरे अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी एवं एसडीओपी अमरेश बोहरे का मार्गदर्शन मिलता रहा। रेस्क्यू अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
रेस्क्यू अभियान में थाना शमशाबाद के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र सिंह, आरक्षक दिलीप सिंह, आरक्षक दीपक पाल एवं आरक्षक वीरेन्द्र दांगी, सरपंच रामकुमार शर्मा, चौकीदार घासीराम, रोहित मेहर, अंशुल राजपूत, अमित जाट, संजू सेन, आलोक राजपूत, भारत जाट, रवि सिंह, मजबूत सिंह जाट, दीपक धाकड़, श्रवण राजपूत एवं राजेन्द्र जाट सहित अन्य ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।