आगामी मेले की तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
विदिशा, एमपी धमाका
आगामी मानोरा मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए आज भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) ज़ोन श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र, जिला कलेक्टर अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने संयुक्त रूप से मेले की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, भोजनशाला, पार्किंग स्थल, मेला परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सेवाओं, यातायात संचालन, पेयजल, स्वच्छता एवं कानून-व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करे, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, संबंधित तहसीलदार, थाना प्रभारी ग्यारसपुर, थाना प्रभारी यातायात, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।