Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नशे से दूरी की गूंजी हुंकार, विदिशा हुआ नशामुक्ति को तैयार..!


"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का शुभारंभ, एसपी विदिशा ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, विद्यार्थियों ने हस्ताक्षर कर लिया संकल्प
 
नशा व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है: एसपी
 
15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान के तहत जिलेभर में होंगे संवाद, रैली, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता कार्यक्रम
 
विदिशा, एमपी धमाका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान एवं पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" का शुभारंभ सांदीपनी स्कूल, बरईपुरा, विदिशा में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर जनभागीदारी के माध्यम से नशा मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करना है।
 
नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत:
 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि अवैध नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है तथा उसकी शिक्षा, करियर, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन पर भी गहरा नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, गलत संगति से बचें तथा अपने मित्रों और परिवारजनों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
 
विद्यार्थियों के सवालों के दिए सहज और प्रभावी उत्तर:
 
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक सत्र में छात्र-छात्राओं ने नशे से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिया।उन्होंने बताया कि कई लोग तनाव, अकेलेपन, जिज्ञासा अथवा गलत संगति के कारण नशीले पदार्थों का सेवन प्रारंभ करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत गंभीर लत में बदल जाती है।
 
उन्होंने बताया कि नशे का सबसे पहला दुष्प्रभाव व्यक्ति के मानसिक (Psychological) एवं शारीरिक (Physical) स्वास्थ्य पर पड़ता है। इससे उसकी निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास, सोचने-समझने की शक्ति और जीवन का उद्देश्य प्रभावित होता है।
 
अवैध नशे की सूचना पुलिस को देने का किया आह्वान: पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार अथवा सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।उन्होंने कहा कि पुलिस और समाज की संयुक्त भागीदारी से ही नशे के विरुद्ध प्रभावी एवं स्थायी लड़ाई लड़ी जा सकती है।
 
मेडिटेशन, शपथ एवं हस्ताक्षर अभियान
 
कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारी संस्था की आदरणीय सपना दीदी ने मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शुद्धि, सकारात्मक सोच एवं तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
 
15 दिनों तक जिलेभर में चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
 
अभियान के अंतर्गत आगामी 15 दिनों तक जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, संवाद, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल एवं प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया अभियान तथा जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार एवं सेवन के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक आशीष राय, सूबेदार मेघा शर्मा, ब्रह्माकुमारी संस्था की सपना दीदी एवं जूली दीदी, सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 
विदिशा पुलिस की अपील: विदिशा पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को जनआंदोलन बनाकर नशा मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय सहयोग दें।
 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |