आयुष विभाग संचालनालय से कलेक्टरों को जारी हुए निर्देश
भोपाल/विदिशा, एमपी धमाका।
मध्यप्रदेश आयुष विभाग ने प्रदेशभर के आयुष चिकित्सकों की उपस्थिति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। संचालनालय आयुष, मध्यप्रदेश द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि आयुष विभाग की अधीनस्थ संस्थाओं में पदस्थ चिकित्सकों की उपस्थिति अब "सार्थक ऐप" के माध्यम से दर्ज की जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
13 जुलाई 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि आयुष विभाग के अंतर्गत कार्यरत आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सकों की उपस्थिति को डिजिटल माध्यम से दर्ज करने के आदेश पूर्व में जारी किए जा चुके हैं। इसके अनुपालन में सभी चिकित्सकों की आईडी सार्थक ऐप पर पंजीकृत कर दी गई है।
संचालनालय ने जिला कलेक्टरों से अपेक्षा की है कि वे अपने जिले में कार्यरत आयुष चिकित्सकों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करें तथा साप्ताहिक टीएल बैठकों में भी इसकी मॉनिटरिंग कराएं।
आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव आयुष विभाग, संभागीय आयुष अधिकारियों, जिला आयुष अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।