उज्जैन, एमपी धमाका
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा होटल-रेस्टोरेंटों में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा होटल-रेस्टोरेंटों में उपयोग किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा रेस्टोरेंट-होटल और उन्हें पनीर की आपूर्ति करने वाले डेयरी एवं अन्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है।
विगत तीन दिनों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए। फ्रीगंज स्थित लक्ष्मण डेयरी से पनीर, त्रिवेणी विहार स्थित जय दुर्गे दूध डेयरी एंड बेकरी से दही एवं पनीर, देवास रोड स्थित होटल आश्रय से पनीर, नजरअली मार्ग स्थित यथार्थ एजेंसी से आटा लड्डू एवं मावा कतली, फ्रीगंज स्थित बेकर्स लाउंज से ब्रेड एवं बिस्किट तथा फ्रीगंज स्थित बेकर्स कैफे से पनीर के नमूने लिए गए।
इसके अतिरिक्त सूरज नगर स्थित चौरसिया एंटरप्राइजेज से नमस्ते इंडिया गाय का घी के 200 मिलीलीटर एवं 500 मिलीलीटर के नमूने लिए गए। जांच के दौरान शेष 31 लीटर गाय का घी, जिसकी कीमत 19,710 रुपये है, जब्त कर लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनहित में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी एवं सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।