एमपी धमाका
विदिशा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला न्यायालय भवन, विदिशा में शहीदों की स्मृति और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शेख सलीम साहब ने किया। कार्यक्रम में विदिशा की माटी के सपूत शहीद चंद्रकांत तारे सहित देश के सभी वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम में राजमाता विजयाराजे सिंधिया पीजी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रामू विश्वकर्मा द्वारा शानदार देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं जिला न्यायालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों ने भी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशप्रेम से भर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “वॉइस ऑफ विदिशा” साम्या तिवारी रहीं। उन्होंने भावपूर्ण अंदाज में “ऐ मेरे वतन के लोगों” गीत प्रस्तुत कर वीर शहीदों के शौर्य और बलिदान की याद ताजा कर दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा। इस प्रस्तुति के लिए साम्या तिवारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायालय के जिला नाजिर नीरज तिवारी को इस वर्ष भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं जिला कोर्ट के प्रशासनिक अधिकारी राजेश माहौर के सुपुत्र समर्थ माहौर को भी माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शेख सलीम द्वारा सम्मानित किया गया। समर्थ माहौर अभिनय के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं और ‘लापता लेडीज़’ तथा ‘गुल्लक’ जैसी चर्चित फिल्मों एवं वेब प्रस्तुतियों में काम कर चुके हैं।
कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों के प्रति कृतज्ञता, राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।