Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सागर लोकसभा को ₹2776.83 करोड़ की बड़ी सड़क सौगात


मेहलुआ–बीना–खिमलासा–मालथोन मार्ग होगा 4-लेन, 67.116 किमी सड़क से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

एमपी धमाका 
बीना। सागर लोकसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल सामने आई है। मेहलुआ–बीना–खिमलासा–मालथोन मार्ग के 4-लेन उन्नयन की परियोजना पर महत्वपूर्ण पहल हुई है। करीब ₹2776.83 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना से क्षेत्र में आवागमन, औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े द्वारा क्षेत्र की यातायात आवश्यकताओं को लेकर लगातार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के समक्ष मांग रखी गई। सांसद के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ते यातायात और औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए इस मार्ग का 4-लेन होना बेहद आवश्यक है।

67.116 किमी लंबी होगी परियोजना

परियोजना की कुल लंबाई 67.116 किलोमीटर है, जबकि इसकी कुल अनुमानित लागत ₹2776.83 करोड़ बताई गई है। इसमें ₹428.94 करोड़ भू-अर्जन के लिए प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत चार प्रमुख बायपास भी बनाए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 19.070 किलोमीटर होगी।
इनमें कुरवाई बायपास 3 किमी, लायरा बायपास 2.170 किमी, बीना बायपास 10.100 किमी और खिमलासा बायपास 3.800 किमी शामिल हैं।

ब्रिज, फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनेंगे

4-लेन परियोजना में आधुनिक सड़क संरचनाओं का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके तहत 4 मेजर ब्रिज, 29 माइनर ब्रिज, 3 रेलवे ओवरब्रिज, 2 फ्लाईओवर, 9 व्हीकल अंडरपास सहित 120 अन्य सड़क संरचनाएं शामिल हैं।

14,429 पीसीयू तक पहुंचा यातायात

वर्तमान में यह मार्ग 2-लेन है, जबकि इस पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मार्ग पर यातायात 14,429 पीसीयू तक पहुंच चुका है। बीना क्षेत्र में बीपीसीएल रिफाइनरी, थर्मल पावर प्लांट, रेलवे यार्ड सहित कई प्रमुख औद्योगिक गतिविधियां होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक है। ऐसे में 4-लेन सड़क बनने से यातायात दबाव और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

कई विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

इस परियोजना का लाभ केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। मेहलुआ–बीना मार्ग, जो बीना–सिरोंज मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, तथा बीना–खिमलासा–मालथोन मार्ग के जुड़ने से बीना, सिरोंज, खुरई, विदिशा और शमशाबाद क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की संभावना है।
परियोजना से बीना क्षेत्र में यातायात सुगम होने के साथ ही रिफाइनरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी, शहरों और कस्बों में भारी वाहनों का दबाव कम होने तथा व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा एनएच-346, एनएच-44 और एनएच-934 से भी क्षेत्र का संपर्क और मजबूत होगा।

सांसद ने जताया आभार

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने इस महत्वपूर्ण विकास पहल के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सांसद ने कहा कि यह परियोजना केवल एक सड़क का उन्नयन नहीं, बल्कि सागर लोकसभा क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास, व्यापार और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे बीना से सिरोंज तथा खिमलासा से मालथोन तक पूरे क्षेत्र को विकास की नई गति मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |