कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने किया विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण
जनहितैषी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कार्यप्रणाली को और सुगम एवं प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
विदिशा, एमपी धमाका भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने विदिशा जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित जनहितैषी व्यवस्थाओं, कार्यालयीन कार्यप्रणाली एवं आमजन से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासकीय सेवाओं का लाभ आम नागरिकों को समय पर, पारदर्शी एवं सहज रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अंशुल गुप्ता भी साथ मौजूद रहे। कमिश्नर श्री शर्मा ने जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए विभागीय गतिविधियों, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों के संधारण तथा आमजन से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े तथा उनके आवेदनों एवं प्रकरणों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अनुसूचित जाति-जनजाति कार्यालय का निरीक्षण संभागायुक्त श्री शर्मा ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कार्य विभाग के कार्यालय का निरीक्षण कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय में व्यवस्थाओं का जायजा संभागायुक्त ने वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में दस्तावेज पंजीयन, अभिलेखों के संधारण एवं डिजिटाइजेशन सहित आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीयन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नागरिकों को सुविधाजनक एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। महिला एवं बाल विकास विभाग की गतिविधियों की जानकारी ली महिला एवं बाल विकास विभाग के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री शर्मा ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने महिला एवं बाल हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच तथा विभागीय सेवाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला परिवहन कार्यालय में कार्यप्रणाली देखी संभागायुक्त ने जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यों एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही परिवहन संबंधी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवहन विभाग से संबंधित सेवाओं में नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए आमजन के कार्यों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। पौध रोपण संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा तथा कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिला परिवहन कार्यालय परिसर में बादाम का पौधा लगाया।
खनिज कार्यालय का भी किया निरीक्षण संभागायुक्त ने जिला खनिज कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में खनिज संबंधी प्रकरणों, अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से जिले में खनिज गतिविधियों, खनिज राजस्व एवं शासन के नियमों के पालन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि खनिज संबंधी कार्यों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अवैध उत्खनन एवं परिवहन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। उन्होंने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया। अपर कलेक्टर न्यायालय के प्रकरणों की ली जानकारी विदिशा कलेक्ट्रेट पहुंचने पर संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने अपर कलेक्टर न्यायालय में दर्ज प्रकरणों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने लंबित एवं प्रचलित प्रकरणों की स्थिति, उनके निराकरण की प्रक्रिया तथा समय-सीमा के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों के नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण पर जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री शर्मा ने कहा कि प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य आमजन को बेहतर, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। संभागायुक्त के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया,अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मसराम के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।