मंदिर दर्शन से करेंगे दौरे की शुरुआत, दलित कार्यकर्ता के घर करेंगे भोजन; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से होगी मुलाकात
भोपाल, एमपी धमाका
मध्य प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब 30 सितंबर को पहली बार भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका यह पहला मध्य प्रदेश दौरा होगा। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी लेंगे।
बिप्लब कुमार देब 30 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां पहुंचने के बाद वे लालघाटी स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर और बूढ़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे शास्त्री नगर स्थित भाजपा की बूथ क्रमांक 69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के निवास पर पहुंचकर दोपहर का भोजन करेंगे। उनके इस कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में होंगे शामिल
भोपाल प्रवास के पहले दिन शाम 5:30 बजे बिप्लब कुमार देब भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश में पार्टी को और अधिक सक्रिय बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
इसके बाद रात में बिप्लब कुमार देब मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच समन्वय सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
एक अक्टूबर को पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों से करेंगे संवाद
अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन, एक अक्टूबर को बिप्लब कुमार देब प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद बिप्लब कुमार देब का यह पहला दौरा संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके सामने प्रदेश में पार्टी संगठन की गतिविधियों को समझने और पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने हाल ही में बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने डॉ. महेंद्र सिंह का स्थान लिया है, जबकि सांसद रेखा वर्मा को प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है।