Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

जहरीली शराब कांड पर मुख्यमंत्री सख्त, जिम्मेदारों पर होगी कठोर कार्रवाई..!

बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र की घटना पर डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


सागर, एमपी धमाका 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध जहरीली शराब से हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ नीचे से ऊपर तक पूरी गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सभागार में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री ने जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्दोष न फंसे, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के साथ आसपास और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई हो, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष और विवेकपूर्ण हो। किसी निर्दोष व्यक्ति को नहीं फंसाया जाए।

उन्होंने सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर शांति और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अवैध शराब का नेटवर्क ध्वस्त करने के निर्देश

डॉ. यादव ने अवैध जहरीली शराब और उससे जुड़ी सामग्री को तत्काल जब्त करने तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां अवैध अतिक्रमण अथवा अवैध गतिविधियों के जरिए किसी ने अपना साम्राज्य खड़ा किया है, वहां भी कठोर कार्रवाई की जाए। सीमावर्ती राज्यों के साथ समन्वय कर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

नशा मुक्ति अभियान को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शासन के साथ समाज को भी आगे आना होगा। धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से व्यापक नशा मुक्ति और जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।

उन्होंने कहा कि शराब वैध हो या अवैध, इससे होने वाले नुकसान के प्रति समाज को जागरूक करना जरूरी है। नशे के खिलाफ सामाजिक स्तर पर सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब के मामलों में कठोर दंड का प्रावधान है। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी स्वतंत्रता देने की बात भी कही।

बैठक में सांसद राहुल सिंह लोधी, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह सहित सागर जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि, कमिश्नर दिलीप कुमार, डीआईजी, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |