एमपी धमाका
दमोह। पटेरा में विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता जांचने पहुंचे सागर संभाग के कमिश्नर दिलीप कुमार ने मौके पर ही अधिकारियों की जवाबदेही तय कर दी। निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय से लेकर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दो टूक कहा—काम सिर्फ पूरा नहीं होना चाहिए, गुणवत्तापूर्ण और तय समय-सीमा में पूरा होना चाहिए। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया, वहीं पौधारोपण कर अधिकारियों को संदेश दिया कि पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बचाना भी जिम्मेदारी है।
इसके बाद उन्होंने सांदीपनि विद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय में पेयजल व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्य भी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पटेरा स्थित फिल्टर प्लांट/वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने प्लांट की गतिविधियों और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पौधारोपण पर सिर्फ फोटो नहीं, सुरक्षा भी जरूरी
पौधारोपण के दौरान कमिश्नर दिलीप कुमार ने जल निगम के महाप्रबंधक गौरव सराफ से कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करना है। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उद्यमियों से संवाद, योजनाओं का लाभ लेने की अपील
दौरे के दौरान कमिश्नर ने क्षेत्र के उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उद्यमियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उद्यमी इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं और अपने उद्यम को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।
इस अवसर पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, एसडीएम हटा राकेश सिंह मरकाम, तहसीलदार उमेश तिवारी, तहसीलदार मानसी अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग पीआईयू के कार्यपालन यंत्री श्री विश्वकर्मा, अनुविभागीय अधिकारी श्री पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।