Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

एमपी धमाका कार्यालय पहुंचे फिल्म ‘हनुमान अंश’ के शुभांकर सात्विक शर्मा..!


संपादक दीपक तिवारी ने बाल कलाकार से फिल्म के चयन, शूटिंग अनुभव और सफलता पर की विस्तार से चर्चा

विदिशा। ऐतिहासिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शुभांकर की भूमिका निभाने वाले बाल कलाकार सात्विक शर्मा रविवार को एमपी धमाका कार्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एमपी धमाका के संपादक दीपक तिवारी ने सात्विक शर्मा से फिल्म में उनके चयन, शूटिंग के अनुभव और फिल्म की सफलता को लेकर विस्तार से चर्चा की।

ऑडिशन के बाद हुआ चयन

सात्विक शर्मा ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ में शुभांकर का किरदार पाने के लिए उन्होंने सबसे पहले अपना वीडियो बनाकर भेजा था। इसके बाद उन्हें ऑडिशन के लिए बुलाया गया, जहां उनसे संवाद बोलवाकर अभिनय क्षमता परखी गई। अनेक बच्चों के बीच हुए चयन में उन्हें शुभांकर की भूमिका के लिए चुना गया।

फिल्म से मिली नीम करोली बाबा की जानकारी

सात्विक ने बताया कि ऑडिशन के दौरान उनसे नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़े सवाल पूछे गए, जिनमें उनके स्वभाव, निवास स्थान और गांव छोड़ने से संबंधित बातें शामिल थीं। उन्होंने कहा कि फिल्म में काम करने से पहले उन्हें नीम करोली बाबा के बारे में विशेष जानकारी नहीं थी। फिल्म के माध्यम से ही उन्हें बाबा के जीवन और शिक्षाओं को जानने का अवसर मिला।

तीन वर्ष की उम्र से अभिनय का सफर

बाल कलाकार सात्विक शर्मा ने बताया कि उनकी मां चाहती थीं कि वह फिल्मों में काम करें और अभिनय की एकेडमी में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने महज तीन वर्ष की उम्र से अभिनय करना शुरू कर दिया था और अब आठ वर्ष की उम्र में कई फिल्मों एवं धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। उनके अभिनय कार्यों में ‘पंचायत’ वेब सीरीज, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’, ‘लेकर हम दीवाना दिल’, ‘उड़ने की आशा’ और ‘क्राइम पेट्रोल’ सहित अन्य प्रोजेक्ट शामिल हैं।

शूटिंग सेट पर रहता था आध्यात्मिक माहौल

सात्विक शर्मा ने ‘हनुमान अंश’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान सेट पर हनुमान चालीसा और गणेश जी के भजन बजाए जाते थे। साथ ही, प्याज और लहसुन का पूरी तरह परित्याग किया गया था। उन्होंने बताया कि कई बार वे सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक शूटिंग सेट पर रहे। लंबे समय तक चलने वाली शूटिंग के बावजूद फिल्म से जुड़े अनुभव उनके लिए बेहद खास रहे।

बॉक्स ऑफिस सफलता से खुश हैं सात्विक

फिल्म की सफलता पर चर्चा करते हुए सात्विक ने बताया कि शुरुआत के दो सप्ताह फिल्म को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन इसके बाद श्रीराम जी, हनुमान जी और नीम करोली बाबा की कृपा से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और कई रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल अनुमान नहीं था कि फिल्म इतनी बड़ी कमाई करेगी। इस सफलता से वे बेहद खुश हैं।

दर्शकों से फिल्म देखने की अपील

बातचीत के अंत में सात्विक शर्मा ने एमपी धमाका चैनल के माध्यम से दर्शकों से अपील की कि वे ‘हनुमान अंश’ फिल्म को अधिक से अधिक देखें और अपना सहयोग दें, ताकि भविष्य में फिल्म के आगे के भाग भी बनाए जा सकें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |