सागर, एमपी धमाका
कमिश्नर दिलीप कुमार के निर्देशानुसार सागर संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों एवं शासकीय सेवकों के वेतन निर्धारण प्रकरणों के निराकरण के लिए 4 एवं 5 नवंबर 2026 को दो दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कमिश्नर दिलीप कुमार ने लंबित पेंशन एवं वेतन निर्धारण प्रकरणों की अधिक संख्या को देखते हुए संभाग के सभी जिला पेंशन अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। शिविर में सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणों को IFMIS में ऑनलाइन सबमिट कराना सुनिश्चित किया जाएगा। यदि किसी विशेष कारण से प्रकरण ऑनलाइन सबमिट नहीं किया जा सकता है, तो संबंधित कार्यालय प्रमुख से ऐसे प्रकरणों की सूची प्राप्त की जाएगी।
शिविर के बाद संभागीय पेंशन अधिकारी, सागर द्वारा विभिन्न जिलों में लंबित पेंशन एवं वेतन निर्धारण प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पेंशन कार्यालय पन्ना में 12 नवंबर, छतरपुर में 13 नवंबर, निवाड़ी एवं टीकमगढ़ में 18 नवंबर, दमोह में 19 नवंबर तथा सागर में 25 नवंबर 2026 को समीक्षा की जाएगी। उक्त आदेश के अनुसार, समीक्षा एवं निराकरण संबंधी कार्रवाई जिला स्तर पर की जाएगी। इन शिविरों में कमिश्नर, सागर संभाग भी उपस्थित रहेंगे।