Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत नौगावां क्लस्टर में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण..!




उचित मूल्य दुकान, खाद वितरण केंद्र, आंगनवाड़ी एवं उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

झाबुआ, 09 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को विकासखंड मेघनगर के नौगावां क्लस्टर में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय उचित मूल्य दुकान नौगावां, खाद वितरण केंद्र नौगावां, आंगनवाड़ी केंद्र मावी फलिया नौगावां एवं उप स्वास्थ्य केंद्र नौगावां पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने दुकान में खाद्यान्न का व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सरपंच ने कलेक्टर को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। सरपंच द्वारा प्राथमिक विद्यालय भवन के जर्जर होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने भवन को डिस्मेंटल किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र के लिए नवीन भवन की मांग की गई। वर्तमान में आंगनवाड़ी केंद्र पंचायत के सामुदायिक भवन में संचालित होने की जानकारी दी गई। ग्रामीणों द्वारा बिजली कटौती एवं दो मोहल्लों में नल कनेक्शन नहीं होने से पेयजल संबंधी समस्याओं से भी अवगत कराया गया।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने आंगनवाड़ी केंद्र मावी फलिया नौगावां का निरीक्षण कर संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान आशा सुपरवाइजर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गीतों के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं जागरूकता संबंधी संदेश दिए जा रहे थे। केंद्र में तीन धात्री महिलाओं की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

इसके पश्चात कलेक्टर डॉ. भरसट ने उप स्वास्थ्य केंद्र नौगावां का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने तथा केंद्र को डिलीवरी प्वाइंट के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं शासकीय सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |