घटना में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई के दिए निर्देश
झाबुआ, 09 अक्टूबर 2026। मेघनगर में गुजरपाड़ा रोड स्थित नर्सरी क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई गौहत्या की घटना को जिला प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। घटना के संबंध में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि गौहत्या जैसी गंभीर घटना में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने आसपास के गांवों में सूचना तंत्र को तत्काल प्रभाव से मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग एवं स्थानीय नागरिकों का संयुक्त निगरानी दल गठित कर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही घटना के संबंध में संबंधित बीट गार्ड की जवाबदेही निर्धारित कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि घटना में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने के प्रयासों पर तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान, एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा, एसडीओपी थान्दला, टीआई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।