विदिशा, एमपी धमाका
पठारी क्षेत्र के ग्राम छापारा-टापरा में 29 जनवरी को एक गर्भवती महिला का मार्ग में प्रसव होने के मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामहित कुमार ने जननी एक्सप्रेस वाहन चालक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं तथा संबंधित वाहन का जनवरी माह का भुगतान काटे जाने के लिए एमडी एनएचएम को पत्र प्रेषित किया गया है। इसके अतिरिक्त जननी एक्सप्रेस एवं 108 वाहन सेवा के जिला समन्वयक तवरेज खान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई हेतु भी एमडी एनएचएम को लिखा गया है।
ग्राम छापारा-टापरा में कार्यरत आशा कार्यकर्ता श्रीमती रामवती चिढ़ार एवं श्रीमती गीता अहिरवार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग पठारी में पदस्थ सीएचओ श्रीमती रीना इनवे तथा संविदा एएनएम श्रीमती संध्या वर्मा की वार्षिक वेतन वृद्धि दो वर्ष तक रोकने हेतु भी प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रकरण में पर्यवेक्षणीय जिम्मेदारी के तहत बीएमओ कुरवाई डॉ. प्रमोद दीवान को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जननी एक्सप्रेस एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, जनोन्मुखी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से विदिशा जिले में दो नए समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। शिवम खरे (मोबाइलर 8641097356) एवं श्रीकांत (मोबाइल 6269903799) 2 फरवरी से अपना कार्यभार संभालेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।