मंदिर के महंत महामंडलेश्वर 1008 श्री विश्वंभर दास जी रामायणी महाराज से एमपी धमाका ने की चर्चा
विदिशा, एमपी धमाका
कल गुरूवार 2 अप्रैल को हनुमान प्राकट्योत्सव सभी हनुमान मंदिरों में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। विदिशा जिले के प्रमुख और प्राचीन हनुमान मंदिर रंगई धाम में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हनुमान प्राकट्योत्सव का कार्यक्रम का श्रीगणेश आज रात 9 बजे हनुमान जी के विशेष अभिषेक के साथ हो जाएगा।
एमपी धमाका ने इस पावन अवसर पर श्री दादाजी मनोकामना पूर्ण सिद्ध श्री हनुमान मंदिर रंगई पुल विदिशा के महंत महामंडलेश्वर 1008 श्री विश्वंभर दास जी रामायणी महाराज से खास बातचीत की।
पूज्य महाराज श्री ने बताया कि इस उत्सव को भव्य बनाने के लिए सुंदर-सुंदर गेट सजाए गए हैं ,दीप मालिकाएं लगाई गई हैं, टेंट लगाए जा रहे हैं और मैट्स भी बिछाए जा रहे हैं। जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। महाराज श्री विदिशा जिले के साथ-साथ संपूर्ण भारत के हितार्थ दादाजी हनुमान से प्रार्थना भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हनुमान जी हनुमान जी साक्षात मंगल का स्वरूप हैं और सभी अमंगलों का नाश करने वाले हैं। पूज्य महाराज श्री ने बताया कि आज रात्रि 9:00 बजे से दादाजी हनुमान का अभिषेक, श्रृंगार आदि आरंभ कर दिया जाएगा। ब्रह्म कुंड से मंगाए हुए गंगाजल से सर्वप्रथम हनुमान जी का अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के उपरांत चोला चढ़ेगा फिर श्रृंगार होगा। फिर गुरुवार सुबह 4 .30 बजे भव्य महाआरती होगी। उन्होंने कहा जो हनुमान प्राकट्योत्सव पर हनुमान जी का दर्शन करेगा उसके जीवन में सुख शांति बनी रहेगी।
महाराज श्री ने आज की युवा पीढ़ी और माता-पिताओं को भी संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी के उत्थान, विकास और उचित पालन पोषण की जिम्मेदारी उनके माता-पिताओं की है कि वे अपनी संतान के उज्जवल भविष्य के लिए उन्हें किस प्रकार दिशा-निर्देशन देते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन में ही दिए गए संस्कार अंत तक साथ रहते हैं। आज का युवा वर्ग धूम्रपान मदिरापान और तरह-तरह के विवादों में उलझकर अपने जीवन के अमूल्य समय को नष्ट कर रहा है। आज की युवा पीढ़ी हनुमान जी की शरण लेकर अपने जीवन को खुशहाल बना सकती है।