विदिशा, एमपी धमाका
हनुमान प्राकट्योत्सव पर गुरुवार को सुबह हुई दादाजी हनुमान जी की मंगला आरती में भक्तों की भारी भीड़ रही। दादाजी के दर्शनों के लिए आरती के पहले से श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई थी।
मंदिर के महंत महामंडलेश्वर 1008 श्री विश्वंभर दास जी रामायणी महाराज के पावन सानिध्य में दादाजी की महाआरती हुई।
महाआरती से पहले गुरुदेव महाराज ने शंकर भगवान और मां भगवती के दर्शन पूजन किया। इसके बाद सुबह 5.30 से ढोल नगाड़ों के साथ दादाजी की महाआरती प्रारंभ हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर जय श्री राम के जयकारों से गूंजता रहा। हनुमान प्राकट्योत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट की गई। माता अंजनी लोक में बाल हनुमान की लीलाओं का चित्रण कर भगवान की महिमा बताई गई। पुलिस व्यवस्था में सिविल लाइन थाने के टीआई आरके मिश्रा दल-बल के साथ चौकस नजर आए।