विदिशा जिले में प्रदेश स्तरीय जारी रैंकिंग सूची में मार्च माह में दूसरा स्थान किया हासिल
विदिशा, एमपी धमाका
युवाजनों के लिए युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेला में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता को पांचवी बार प्रशंसा पत्र भेजा गया है। विदिशा जिले ने मार्च माह में प्रदेश स्तरीय जारी रैंकिंग सूची में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य के लिए रोजगार आयुक्त मप्र गिरीश शर्मा ने विदिशा कलेक्टर श्री गुप्ता के कार्य की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र भेजा है। इसके पहले भी चार बार कलेक्टर श्री गुप्ता को युवा संगम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के लिए प्रशंसा पत्र प्रेषित किया जा चुका है। साथ ही जिला रोजगार अधिकारी डॉ. एबी खान को भी प्रशंसा पत्र भेजा है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले को प्राप्त हुई इस उपलब्धि के लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई दी है।
गौरतलब हो कि विगत वर्ष 2025 के अगस्त माह में विदिशा जिले में तीसरी रैंक और दिसंबर माह में पहली रैंक हासिल की थी, इसके अलावा वर्ष 2026 के जनवरी माह में पांचवी रैंक, फरवरी माह में दूसरी रैंक और मार्च माह में भी दूसरी रैंक हासिल की है जिले की इस उपलब्धि के लिए पांच बार विदिशा कलेक्टर को प्रशंसा पत्र दिया गया है। कुछ दिन पहले ही गौमय उत्पादों के लिए विदिशा जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया था।