विदिशा, एमपी धमाका
स्थानीय जिला खेल परिसर में स्वर्गीय प्रोफेसर के.सी. नायर स्मृति अंतर-विद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर है। टूर्नामेंट के 15 वें संस्करण के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
दिन के पहले मुकाबले में वात्सल्य स्कूल और स्प्रिंगफील्ड वर्ल्ड स्कूल आमने-सामने थे। बेहद कड़े संघर्षपूर्ण मैच में वात्सल्य स्कूल के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी अभिमन्यु गोयल ने अपनी चपलता दिखाते हुए निर्णायक गोल दागकर टीम को 1-0 से रोमांचक जीत दिलाई। दूसरे लीग मुकाबले में साकेत एमजीएम स्कूल का दबदबा देखने को मिला। एमजीएम साकेत ने शासकीय स्कूल धतूरिया को एकतरफा मुकाबले में 4-0 के बड़े अंतर से मात दी। इस जीत के हीरो मोहित और कार्तिक विश्वकर्मा रहे, जिन्होंने दो-दो शानदार गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कोच विश्वनाथ बुंदेला ने रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर रविकांत नामदेव, पंकज भार्गव, रविंद्र रघुवंशी और विकाश थापा सहित खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का यह आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच साबित हो रहा है।