Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सेवा ऐसी कि हर दिल ने कहा...सैल्यूट डॉ प्रशांत चौबे साहब..!


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे को विदिशा पुलिस ने दी गरिमामयी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित

जनसेवा, नवाचार और संवेदनशील पुलिसिंग की अमिट छाप छोड़ सीहोर के लिए हुए रवाना, विदिशा पुलिस ने सम्मानपूर्वक दी विदाई


विदिशा, एमपी धमाका 
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी की उपस्थिति में शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के सीहोर स्थानांतरण के अवसर पर विदिशा पुलिस परिवार द्वारा एक गरिमामयी एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी, एसडीएम क्षितिज शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे, एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह, डीएसपी पंकज गीते, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान, फिंगर प्रिंट प्रभारी योगेंद्र साहू, जिले के समस्त थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ तथा पुलिस परिवार के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने कहा कि डॉ. प्रशांत चौबे ने विदिशा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं जनसेवा की भावना के साथ अनेक उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने के लिए कई नवाचार किए, जिनमें सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत, ट्रॉमा वालंटियर सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी पहल विशेष रूप से उल्लेखनीय रहीं। इन नवाचारों के माध्यम से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सहभागिता को नई मजबूती मिली।

इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सेफ क्लिक साइबर जागरूकता अभियान, "नशे से दूरी है ज़रूरी" जनजागरूकता अभियान और मानोरा मेला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के सफल संचालन में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व, समर्पण एवं कार्यशैली की उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा डॉ. प्रशांत चौबे को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सीहोर में नवीन दायित्व के सफल निर्वहन हेतु हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

विदाई समारोह आत्मीयता, सम्मान एवं भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। सभी ने डॉ. प्रशांत चौबे के विदिशा में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की। उनके कार्यकाल की सकारात्मक छाप सदैव विदिशा पुलिस परिवार और जिलेवासियों के हृदय में बनी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |