Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

वात्सल्य स्कूल में नशामुक्ति का महाअभियान, DIG, एसपी और स्कूल संचालक की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प




दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ, नुक्कड़ नाटक, गायन, हस्ताक्षर अभियान और नशा मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर दिया जागरूकता का संदेश

विद्यार्थियों के सवालों का DIG ने दिया समाधान, युवाओं से कहा—नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान
विदिशा, एमपी धमाका 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान एवं पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत आज दिनांक 21 जुलाई 2026 को वात्सल्य स्कूल, विदिशा में विशाल नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रेंज भोपाल राजेश सिंह चंदेल एवं पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी एवं श्रीमती देवना अरोरा (डायरेक्टर, वात्सल्य स्कूल) द्वारा माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ ने सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, उससे होने वाली सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक हानियों तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान पर आधारित जागरूकता वीडियो का भी प्रसारण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति विषय पर प्रेरक गायन, नुक्कड़ नाटक तथा हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात नशा मुक्ति जागरूकता रथ को उप पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिलेभर में जन-जागरूकता का संदेश प्रसारित करेगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री काशवानी ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिजनों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।

उप पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रेंज भोपाल श्री चंदेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं तो वे अपने परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से जुड़े अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका उप पुलिस महानिरीक्षक श्री चंदेल ने सरल, प्रभावी एवं समाधानपरक उत्तर देते हुए उनकी शंकाओं का निराकरण किया। संवादात्मक सत्र ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों के प्रति और अधिक जागरूक एवं प्रेरित किया।

इसके पश्चात उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली आनंद राज, थाना प्रभारी सिविल लाइन राजपाल सिंह जादौन, थाना प्रभारी यातायात आशीष राय, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान, श्रीमती देवना अरोरा (डायरेक्टर, वात्सल्य स्कूल), संजय शर्मा (प्राचार्य), श्रीमती नम्रता अरोरा (वाइस प्रिंसिपल), विद्यालय के शिक्षकगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के माध्यम से विदिशा पुलिस जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |