सेवा संकल्प सभा में मंच के सामने बैठकर
प्रधानमंत्री का उदबोधन सुना
उज्जैन, एमपी धमाका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सेवा संकल्प सभा में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शामिल हुए।उन्होंने स्थानीय विधायकों व जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन का उद्बोधन सुना। उद्बोधन समाप्त होने के बाद वरिष्ठ जनों का सम्मान किया। इसके बाद फ्रीगंज उज्जैन के आस्था गार्डन से लेकर के शहीद पार्क तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में मुख्यमंत्री मशाल लेकर साथ चले।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आस्था गार्डन में सेवा संकल्प सभा में संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में आम जन की सेवा के 25 सफलतम वर्ष आज पूरे हो रहे हैं। हम भाग्यशाली हैं कि हमें प्रधानमंत्री श्री मोदी का मार्गदर्शन मिला है। इस अवसर पर हम संकल्प लें कि हम अपनी पूरी क्षमता के साथ देश सेवा का कार्य करते रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा के यशस्वी जीवन का एक-एक पल राष्ट्र सेवा में लगा है। हमें प्रधानमंत्री के 2047 में विकसित भारत के स्वप्न को साकार करना है और इसके लिए आज से ही लग जाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई राज्यों के साथ-साथ प्रदेश ने भी यूनिफाइड सिविल कोड की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। विधानसभा में इसका विधेयक पारित कर मध्य प्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा हैं। डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन में धार्मिक पर्यटन का एक नया दौर प्रारंभ हुआ है।बीते वर्ष यहां 7 करोड़ से अधिक तीर्थ यात्री आए हैं। उज्जैन आने वाले समय में तेजी से आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उपस्थित जनसमूह को सेवा का संकल्प दिलवाया।
मोदी के हेड ऑफ़ गवर्नमेंट
के रूप में 25 साल पूरे
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्चुअली देश को सम्बोधित किया । अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज उन्हें हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में काम करते हुए 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। जनता जनार्दन ने निरंतर आशीर्वाद दिया। लोकतंत्र के प्रति अपार श्रद्धा रखने वाले लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जनता के चरणों में झुककर नमन करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने आज परमात्मा से प्रार्थना करी कि मुझे इतनी शक्ति और सामर्थ दे जिससे देश की ओर अधिक सेवा कर सकूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। यह 25 वर्ष का जनता का विश्वास और अनुभव बहुत बड़ी पूंजी है। यह पूंजी देश की है, लोगों की है। मां भारती की हर संतान इस पूंजी की अधिकारी है।
```
25 वर्षों की यात्रा में हर
चुनौती का सामना किया
```
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन भारतवासियों के लिए अविस्मरणी रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों की कठिन यात्रा में हर चुनौती का सामना करते हुए देश को आगे बढ़ाया है । जनता प्रधानमंत्री को उनके कामों के लिए कोटि-कोटि आशीर्वाद दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के जीवन में प्रकाश लेकर आए हैं। श्री नितिन नवीन ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपनी पुस्तक में 2014 के चुनाव को टर्निंग शिफ्ट कहा था। इसके पहले कई चुनाव हुए हैं लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री का चेहरा जनता का चेहरा बना। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो जनता के वास्तविक चुने हुए नेता हैं। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया।कार्यक्रम का संचालन आनंद खींची ने किया।
कार्यक्रम एवं सेवा ज्योति मशाल यात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद उमेश नाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंडिया, सतीश मालवीय, डॉक्टर तेज बहादुर सिंह चौहान, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, संगठन मंत्री चंद्रशेखर , नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, रूप पमनानी, जगदीश पांचाल, राकेश पंड्या, विवेक गुप्ता, कमल बैरवा, अनिल शिंदे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद थे।